कुल्लू में स्मार्ट होगी बिजली, मीटर लगाने का काम शुरू
47 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर लगाने की सूची जारी की
मोबाइल के जरिए ही उपभोक्ता कर सकेगा बिजली प्रबंधन
बिल भरने के लिए भी लाईनों का झंझट खत्म होगा
गौरीशंकर
कुल्लू। आखिर जिला मुख्यालय में बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। इसी के साथ यहां बिजली व्यवस्था भी स्मार्ट हो जाएगी। उपभोक्ता अपने घर, दुकान या कारखाने, उद्योग आदि का बिजली प्रबंधन मोबाइल के जरिए कर सकेगा। इससे न तो बिजली बिल की अदायगी करने के लिए लाइनों में खड़ा होना पडे़गा और न ही किसी दूसरी समस्या का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में विद्युत परिषद कुल्लू ने अपने क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य आरंभ कर दिया है। इस कड़ी में परिषद ने 47699 पुराने मीटर को हटाकर स्मार्ट मीटर में बदलने की सूची जारी की है।
जिसमें सिंगल फेज उपभोक्ता मीटर, त्रि-फेज उपभोक्ता मीटर, त्रि-फेज़ एलटी-सीटी संचालित उपभोक्ता मीटर, त्रि-फेज एचटी-सीटी संचालित उपभोक्ता मीटर शामिल है। ऐसे में विद्युत परिषद ने नगर परिषद क्षेत्र कुल्लू में इन्हें लगाने की कवायद शुरू कर दी है। परिषद के अधिकारियों के अुनसार स्मार्ट मीटर लगने से उपभोक्ताओं को इससे बिल समय पर और सही खपत के अनुसार मिलेगा। मीटर रीडिंग के लिए बिजली कर्मचारी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, क्योंकि खपत का डाटा स्वतः डिस्कॉम के सर्वर पर दर्ज हो जाता है।
उपभोक्ता मोबाइल एप या ऑनलाइन पोर्टल पर रियल-टाइम खपत देख सकेगा। इससे पुरानी मीटर और बिजली बिल प्रणाली से पनप रही समस्या से निजात मिल सकेगी।
--मोबाइल से रिचार्ज होगा मीटर
स्मार्ट मीटर से प्राप्त सटीक और विस्तृत डेटा समस्याओं के त्वरित समाधान में सहायक होता है। उपभोक्ताओं को मोबाइल ऐप के माध्यम से बिल प्राप्त होता है। वे कार्यालय जाए बिना भी अपने स्मार्ट मीटर को रिचार्ज कर सकते हैं। त्रुटि रहित बिलिंग के कारण उपभोक्ताओं को बिजली कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू कर दिया है और इस कड़ी में 47699 स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इसमें जो पुराने मीटर लगे है उन्हें बदलकर स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा है। इससे लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
आरएस ठाकुर, अधीक्षण अभियंता, विद्युत परिषद वृत कुल्लू।
Comments
Post a Comment