कुल्लू नगर परिषद करवाएगा दो सौ कुत्तों की नसबंदी
नप कुल्लू ने टेंडर प्रक्रिया शुरू की, जल्द होगा कार्य शुरू
कोर्ट के आदेश के बाद नगर परिषद ने तेज की कावायद
कुल्लू।
नगर परिषद कुल्लू ने शहर में भटकते लावारिस कुत्तों की समस्या को लेकर हरकत में आना शुरू कर दिया है। नगर परिषद ने लावारिस कुत्तों की जन्म संख्या पर नियंत्रण करने के लिए कुत्तों की नसबंदी करने की योजना बनाई है। इसके तहत दो सौ कुत्तों की नसबंदी करने के लिए टेंडर लगाने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है। हालांकि दो वर्ष पहले भी कुल्लू नगर परिषद ने दो सौ कुत्तों की नसबंदी एक संस्था के जरिए की थी लेकिन अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद फिर से नगर परिषद ने लावारिस कुत्तों की जन्म संख्या नियंत्रित करने की दिशा में प्रयास शुरू कर दिये हैं। नगर परिषद ने शहर के अंतर्गत आने वाले 200 कुत्तों की नसबंदी करने के लिए टेंडर प्रक्रिया आरंभ कर दी है। हालांकि अभी तक नगर परिषद के पास शहर की गलियों में लावारिस कुत्तों की संख्या को लेकर कोई पुख्ता आंकड़ा नहीं है लेकिन दो सौ कुत्तों की नसबंदी करने से काफी हद तक इनकी जन्म संख्या का नियंत्रित करने में सहायता मिल सकेगी।
गौरतलब है कि नगर परिषद क्षेत्र कुल्लू में लगातार लावारिस कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है जो लोगों के लिए परेशानी का कारण बने रहे हैं और लोगों पर जानलेवा हमला कर रहे हैं। इसको देखते हुए हाईकोर्ट ने भी प्रदेश के नगर निकायों और सार्वजनिक स्थानों से लावारिस कुत्तों को 8 हफ्ते के भीतर हटाने के निर्देश दिए हैं। लिहाजा, लोगों की सुरक्षा के साथ साथ लावारिस कुत्तों की सुरक्षा को लेकर कोर्ट का यह अहम फैसला आया है। इसको देखते हुए नगर परिषद के साथ साथ जिला प्रशासन भी हरकत में आया है और अब लोगों को लावारिस कुत्तों की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जाग गई है।
उधर, नगर परिषद कुल्लू के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने बताया कि शहर के लावारिस कुत्तों की जन्म संख्या का नियंत्रित करने को लेकर नगर परिषद ने 200 कुत्तों की नसबंदी करने के लिए टेंडर प्रक्रिया आरंभ कर दी है और इसकी औपचारिकता पूरी होने पर इसका कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
Comments
Post a Comment